अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में कैनेडी हॉल के ऑडिटोरियम में मशहूर लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक 'जिस लाहौर नहीं देख्या' मंचन के प्रचार के लिए बनाए गए एक पोस्टर में भारत के गलत मानचित्र लगाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामला तूल पकड़ने के बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कल्चरल एजुकेशन सेंटर की कोऑर्डिनेटर इंचार्ज व ड्रामा क्लब की अध्यक्ष डॉक्टर विभा शर्मा व सीईसी में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी अब्दुल मन्नान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद ने डॉक्टर विभा शर्मा व अब्दुल मन्नान को 2 दिन में अपना पक्ष रजिस्ट्रार कार्यालय में रखने को कहा है। गौरतलब है कि कैनेडी हॉल में सोमवार को नाटक का मंचन होना था, लेकिन पोस्टर विवादित होने के चलते नाटक का मंचन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर सेस्थगित कर दिया गया। मशहूर लेखक असगर वजाहत ने भारत-पाकिस्तान विभाजन पर नाटक लिखा था, उनके इस नाटक को पाकिस्तान में कट्टरपंथियों ने पसंद नहीं किया था।