शहर में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच एलपीजी उपभोक्ता दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर पारा 40 डिग्री के पार है, तो दूसरी ओर रसोई गैस के लिए उपभोक्ताओं एजेंसी लेकर गोदाम तक चक्कर लगा रहे हैं।
एक एजेंसी का गोदाम तो शहर से 12 किलोमीटर दूर मेंडू में है। एजेंसी पर पर्ची कट रही है और सिलिंडर के लिए गोदाम पर लाइन लगानी पड़ रही है। प्रशासन की सख्ती के कारण एजेंसियों का गणित बिगड़ चुका है, इसलिए एजेंसियों ने होम डिलीवरी ठप कर दी है, जिससे आम जनता बेहाल है।
शहर में बागला कॉलेज रोड पर संचालित भारत गैस की नमन एजेंसी पर सासनी के दो से ढाई हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन ट्रांसफर कर दिए गए हैं। सासनी के उपभोक्ताओं को हाथरस आना पड़ रहा है। यहां पर्ची कटने के बाद फिर उन्हें मेंडू जाना पड़ता है। एजेंसी का शहर में कोई वितरण केंद्र नहीं है और न ही उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी दी जा रही है।
परिणामस्वरूप, उपभोक्ताओं को अपने निजी वाहनों या ई-रिक्शा का भारी किराया देकर 10 से 12 किलोमीटर दूर गोदाम पर जाना पड़ रहा है। वहां भी राहत नहीं है। तपती धूप में लंबी कतारों में लगने के बाद ही सिलिंंडर नसीब हो पा रहा है।
हाथ वाली पर्ची का खेल
गैस वितरण प्रणाली में मची इस अफरा-तफरी के पीछे मुख्य वजह सब्सिडी और कालाबाजारी पर लगी लगाम मानी जा रही है। आपात स्थिति के बाद से अब कोई सब्सिडी वाले सिलिंडर छोड़ने के लिए कोई तैयार नहीं है। इसके चलते मांग और आपूर्ति का संतुलन बिगड़ गया है। इसी बिगड़े संतुलन के चलते कुछ एजेंसियों ने नया रास्ता निकाला है। उपभोक्ताओं को कंप्यूटराइज्ड रसीद के बजाय हाथ से लिखी पर्चियां थमाई जा रही हैं, ताकि रिकॉर्ड में घालमेल किया जा सके।
फोटो-
बुकिंग कराने के बाद पर्ची कटवाने के लिए सासनी से शहर आना पड़ा है। यहां से गांव 10 किलोमीटर दूर है। पर्ची कटवाने के बाद अब मेंडू जाना है, जो कि यहां से 12 किलोमीटर बता रहे हैं। बेटा काम पर रहता है। दो दिन से मैं ही चक्कर काट रही हूं।
-अतिप्यारी, दिनावली, सासनी
पर्ची कटवाने के बाद पता चला कि गैस लेने के लिए मेंडू जाना पड़ेगा, लेकिन गोदाम हमारे यहां से 10 किलोमीटर दूर है। फसल कटाई का समय चल रहा है। काम पर भी नहीं जा पा रहे हैं। यहां एजेंसी से गोदाम तक की दौड़ लगानी पड़ रही है।
-सुरेश कुमार, कपूरा
मेरे मामा की बेटी की शादी है। मैं तीन दिन से गोदाम पर सिलिंडर लेने के लिए सुबह से लाइन में लग रहा हूं। कभी स्टॉक नहीं आता तो कभी नंबर आने से पहले ही खत्म हो जाता है।
-गुलाब सिंह, गांव देवी नगर
फोटो-
भारत गैस का कनेक्शन है। शहर में पर्ची कटवाई है और यहां मेंडू स्थित गोदाम पर सिलिंडर लेने आना पड़ा है। यहां धूप में लंबी लाइन लगी हुई है। एक सिलिंडर के लिए कई-कई दिन चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
-पुष्पेंद्र, हाथरस जंक्शन