इस कॉम्प्लेक्स में 14 खेलों के लिए इनडोर स्टेडियम है। इसमें ओलंपिक स्तर का मिनी स्वीमिंग पूल, अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज, चेंजिंग रूम, लॉकर रूम, अतिथि कक्ष, मीडिया रूम, वीआईपी रूम, खेल कार्यालय और दर्शक दीर्घा शामिल हैं।
अलीगढ़ शहर में लगभग 50 करोड़ रुपये से बन रहा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होली से पहले तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री से इसका उद्घाटन कराने के लिए महापौर लखनऊ जाकर निमंत्रण देंगे।
विज्ञापन
स्मार्ट सिटी योजना से नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण 15 जून 2022 को शुरू हुआ था। करीब 6000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार 14 खेलों के लिए इनडोर स्टेडियम तैयार हुआ है। इसमें ओलंपिक स्तर का मिनी स्वीमिंग पूल, अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज, चेंजिंग रूम, लॉकर रूम, अतिथि कक्ष, मीडिया रूम, वीआईपी रूम, खेल कार्यालय और दर्शक दीर्घा शामिल हैं।
विज्ञापन
अलीगढ़ के खिलाड़ी यहां बास्केटबॉल, बैडमिंटन, स्विमिंग, योगा, जिम और अन्य खेल आसानी से खेल सकेंगे। 20 फरवरी को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्मार्ट सिटी, नगर निगम के अधिकारियों व मुख्य अभियंता बीके सिंह के साथ स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को 10 दिन यानी दो मार्च तक सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिया है।
स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स दो मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री के द्वारा कराया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। होली बाद उद्घाटन किया जाएगा।-प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
यह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स जिले की पहचान बनेगा। इससे जिले में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री को निमंत्रण पत्र देने जल्द लखनऊ जाएंगे।- प्रशांत सिंघल, महापौर