अलीगढ़ नई दिल्ली जीटी रोड बाईपास के पास 25 एकड़ जमीन पर हार्डवेयर पार्क विकसित होने जा रहा है। अलीगढ़ के आधा दर्जन एक्सपोर्टर इस प्रोजेक्ट को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप में विकसित करेंगे।
इसके लिए एक्सपोर्टरों ने अलीगढ़ हार्डवेयर पार्क प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाई है। जमीन लेने में तकरीबन नौ करोड़ रुपये का खर्च बताया जा रहा है। अब 12 करोड़ रुपये की लागत से इसे अत्याधुनिक रूप दिया जाएगा। जिसमें 24 घंटे बिजली, चमचमाती सड़के, फायर फाइटिंग के उपकरण, पानी की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा उपकरण, बाउंड्रीवाल सहित प्लाटिंग कर दूसरे संसाधन तैयार किए जाएंगे।
इसका नक्शा एडीए से पास कराने के लिए भेजा जा रहा है। प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार ने इस प्रोजेक्ट को अपनी मंजूरी दे दी है। साल 2017 तक पूरे होने वाले इस पार्क में 110 औद्योगिक इकाइयां काम कर सकेंगी।
संयुक्त निदेशक उद्योग वाईपी सिंह ने बताया कि सरकार ने इसके लिए 12 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे ज्यादा की लागत होने पर एक्सपोर्टराें की कंपनी अलीगढ़ हार्डवेयर पार्क प्राइवेट लिमिटेेड को ही अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ेगा। इसके विकास में उद्योग निदेशालय भी शामिल रहेगा।
यहां पर एक्सपोर्टरों को सभी सुविधाएं सिंगल विंडो के तहत दी जाएंगी। जिससे उन्हें दूसरे दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़े। यहां अपनी फैक्ट्री लगाने वालों को सिर्फ प्लाट लेना है बाकी काम तैयार मिलेंगे। वह प्लाट लेकर अपना उत्पादन शुरू कर सकेंगे। इतनी बड़ी तादाद में फैक्ट्रियां होने के कारण यहां पर लेबर की समस्या भी नहीं आएगी।