अतरौली, बरौली, छर्रा और कोल विधानसभा क्षेत्र की चार सड़क करीब 82 करोड़ से बनेंगी। इनके लिए बजट जारी कर दिया गया है। इसे जनवरी 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा।
अलीगढ़ के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क परियोजनाओं के निर्माण की समयसीमा तय कर दी है। इसके बाद जिले में करीब 82 करोड़ की लागत से बनने वाली चार सड़कों का निर्माण जनवरी 2027 तक पूरा हो जाएगा। इससे ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और लोगों को खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी।
विज्ञापन
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विजय सिंह के अनुसार जिले में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि इन चारों सड़कों का निर्माण करीब नाै महीने की तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।
इन चार सड़कों का होगा निर्माण
अतरौली क्षेत्र में जनैशपुर-गोविंदपुर- धर्मपुर मार्ग के 10 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य में 10.15 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बरौली क्षेत्र में हरदुआगंज-कासिमपुर मार्ग के 12.089 किलोमीटर हिस्से को चौड़ा और मजबूत किया जाएगा, जिस पर करीब 24.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
छर्रा क्षेत्र में सासनी-अकराबाद मार्ग पर 24.66 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रस्तावित है।
कोल विधानसभा क्षेत्र में पनेठी-हनुमान चौकी मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 24.83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।