पलवल-टप्पल-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर चल रहा निर्माण कार्य
- फोटो : संवाद
पलवल-टप्पल-अलीगढ़ (पीटीए) नेशनल हाईवे 334 डी का निर्माण शुरू हो गया है। तीन कंपनियां मिलकर 33 किलोमीटर का बाईपास, एक फ्लाई ओवर और तीन अंडर पास के साथ सर्विस रोड निर्माण कराएंगी। विभाग का दावा है कि दो साल में इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इस हाईवे के बनने से डिफेंस कॉरिडोर सीधे जेवर एयरपोर्ट से जुड़ जाएगा। साथ ही खैर और जट्टारी में लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी।
यह हाईवे 72 किलोमीटर का होगा। इस हाईवे का निर्माण खेरेश्वर चौराहे से शुरू हुआ है। यह खैर होकर निकलेगा। एनएचएआई इसका निर्माण करा रही है। रजपुरा गांव में टोल प्लाजा का निर्माण कराया जाएगा। खैर व जट्टारी में 33 किमी फोरलेन बाईपास के साथ खैर से अंडला तक 10 किमी और जट्टारी से तीन किमी तक फोरलेन सड़क का निर्माण होगा।
खेरेश्वर से अर्राना तक हाईवे के साथ-साथ सर्विस रोड का भी कार्य जोरों से चल रहा है। वन विभाग से एनओसी मिल चुकी है। पेड़ काटने का भी कार्य चल रहा है। इस हाइवे के निर्माण से खैर एवं जट्टारी में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।-करण सिंह राघव, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एनएचएआई
जरूरी जानकारी
- नेशनल हाईवे 334 डी पर एक फ्लाई ओवर, तीन अंडर पास, 33 किमी का फोरलेन बाईपास बनेगा।
- लोधा, अंडला और राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय पर सात से 12 मीटर का अंडर पास बनेगा।
- डिफेंस कोरिडोर पर 30 मीटर लंबे फ्लाई ओवर का होगा निर्माण।
- कुल योजना 1361 करोड़ की है।
- मुआवजा आदि पर खर्च-530 करोड़।
- 600 करोड़ से मिलेगी रेंगते ट्रैफिक को रफ्तार
- इस हाइवे के बनने से डिफेंस कॉरिडोर जेवर एयरपोर्ट से जुड़ जाएगा
- खैर और जट्टारी में लगने वाले जाम से भी लोगों को मिलेगी मुक्ति