तालानगरी क्षेत्र के एक ढाबा संचालक ने तालानगरी स्थित अग्निशमन कार्यालय पर तैनात सिपाही पर बृहस्पतिवार शाम ढाबे पर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। कहा कि सिपाही ने जबरन मीट बनवाया। रुपये मांगने पर वर्दी का रौब दिखाकर पिटाई के साथ ढाबे में तोड़फोड़ की।
कस्बे के मोहल्ला गुड़ियाई निवासी अजय पुत्र नरोत्तम पहलवान का तालानगरी में ढाबा है। उनका आरोप है कि बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे तालानगरी की फायर बिग्रेड यूनिट पर तैनात पुलिसकर्मी राजवीर सिंह अपने साथियों सहित ढाबे पर आए। वहां पर बैठकर शराब पीने लगे। मना करने के बावजूद जबरन मीट पकवाया। खा-पीकर जाने लगे तो उन्होंने रुपये मांगे।
इस पर सिपाही ने वर्दी का रौब दिखाया। ढाबे में तोड़फोड़ के साथ जमकर अभद्रता की। ढाबे में शराब पीने का वीडियो वायरल कर सिपाही और उसके साथियों के विरुद्ध ढाबा संचालक ने थाने में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी रवि चंद्रवाल के अनुसार इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। सिपाही और ढाबा संचालक के बीच आपसी समझौता हो चुका है।