थाना क्षेत्र के गांव राजापुर निवासी एक युवक ने कस्बा कौडियागंज के एक व्यक्ति पर उधारी के रुपये वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। युवक ने खून से एक पत्र लिखकर सोशल मीडिया पर भी वायरल किया। युवक का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
गांव राजापुर निवासी मनोज वशिष्ठ पुत्र ओमप्रकाश वशिष्ठ का आरोप है कि कस्बा कौडियागंज निवासी एक व्यक्ति ने करीब दो साल पहले उससे दो लाख 29 हजार रुपये लिए थे। उसके बाद रुपये नहीं लौटा रहा है। वह कई बार थाना व चौकी पुलिस के पास भी इसकी शिकायत कर चुका है लेकिन सुनवाई नहीं की गई।
पीड़ित का कहना है कि अगर उसे उसके रुपये वापस नहीं मिले तो वह आरोपी के घर के सामने आत्महत्या कर लेगा। मामले के संबंध में थाना प्रभारी ऋषिपाल कसाना ने बताया है कि दोनों पक्ष के लोगों को थाने पर बुलवाया गया है। मामले की जांच कर समाधान कराया जाएगा।