देश और प्रदेश में बढ़ती हुई महंगाई को लेकर पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में शुक्रवार को लोगों ने कांग्रेसियों के साथ मिलकर प्रदर्शन करते हुए एसीएम द्वितीय को ज्ञापन सौंपा।
मैरिस रोड स्थित धर्मपुर कोर्टयार्ड पर कांग्रेसियों और अन्य लोगों ने हाथों में चम्मच लेकर थालियां बजाई, गले में दालों की पुड़िया, प्याज, टमाटर, लौकी तोरई की मालाएं गले में डाली। हाथों में तख्तियां, झंडों का प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार को कोसा। इसके बाद सभी लोग मैरिस रोड चौराहा, केला नगर चौराहा, मेडिकल तिराहा होते हुए दोदपुर पहुंचे, जहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन पूर्व विधायक ने एसीएम द्वितीय ओमवीर सिंह को सौंपा।
इससे पहले पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा महंगाई के दर्द से देश के 70 फीसदी लोग संतुलित आहार से वंचित है। दालों-सब्जियों के रेट आसमान छू रहे हैं। देश में साक्षरता बढ़ी लेकिन गुणवत्ता घटी है। संप्रग सरकार के देश में 50 प्रतिशत एफडीआई. लाने के प्रस्ताव का नरेंद्र मोदी ने विरोध किया। आज वही नरेंद्र मोदी ने रक्षा सौदा जैसे महत्वपूर्ण मामलों में पूरे 100 फीसदी एफडीआई लागू की है। उन्होंने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भ्रष्ट कानून व्यवस्था के लिए सपा नेताओं का अपराधियों के ऊपर पूर्ण संरक्षण बताया।
इस दौरान ज्ञान प्रकाश सक्सेना, सबिया हसन, बृजेश गौड़, विजय लक्ष्मी सिंह, शालिनी शर्मा, गायत्री वर्मा, संजना गुप्ता, प्रमिला गुप्ता, द्रोपा देवी, अंगूरी देवी, आनंद बघेल, मो. मोईन, मुनेश पाल सिंह (प्रधान सिसरोई) मो. मुबीन, कृष्णपाल (प्रधान शाहपुर), अविनाश शर्मा, प्रदीप रावत आदि मौजूद रहे।