बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के दौरान शहर कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष शाहिद खान अपने समर्थकों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंच गए। यहां आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया और धरना प्रदर्शन न करने की चेतावनी देते हुए उन्हें वापस भेज दिया।
हालांकि, इस दौरान उनकी फोर्स से हल्की नोंकझोंक भी हुई। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर अलर्ट घोषित किया गया था। इसके तहत अलीगढ़ व सोमना स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी का अतिरिक्त फोर्स तैनात था। ट्रेनों के अलावा रेलवे ट्रैक की भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। आरपीएफ पोस्ट कमांडर राजीव वर्मा ने बताया कि प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कांग्रेसियों को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया। संवाद