उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पांच दिसंबर को टप्पल और चंडौस ब्लॉक में सभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संगठन की समीक्षा भी करेंगे। इस दौरान पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह के समाजवादी पार्टी में जाने के बाद स्थानीय स्तर पर संगठन में उजागर हुई गुटबाजी को प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखा जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी ने ऐसे सभी नेताओं की सूची प्रदेश अध्यक्ष को सौंपने की तैयारी की है जिन्होंने अनर्गल बयानबाजी कर संगठन को कमजोर करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने की कोशिश की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह और युवक कांग्रेेस के प्रदेश महासचिव कुंवर गौरांग देव चौहान ने बताया कि शनिवार दोपहर 2 बजे खैर विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक टप्पल में गांव नूरपुर में किसानों की सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद बरौली विधानसभा के चंडौस ब्लॉक स्थित गांव रामपुर में 4 बजे किसान मजदूर और नौजवानों की सभा को संबोधित करेंगे।
छात्र नेता जियाउर रहमान आज शामिल हो सकते हैं कांग्रेस में
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के शनिवार को अलीगढ़ आगमन के दौरान राष्ट्रीय लोक दल के छात्र नेता रहे जियाउर रहमान कांग्रेस से हाथ मिला सकते हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। जियाउर रहमान रालोद से पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।