सेंटर पॉइंट पर प्रदर्शन करते कांग्रेसी।
- फोटो : samvad
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में बृहस्पतिवार को कांग्रेसियों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में कांग्रेसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के नारे लिखी हुई तख्तियां हाथों में लेकर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे।
जुलूस में शामिल कांग्रेसी काली पट्टियां बांधकर मैरिस रोड से सेंटर पॉइंट, स्टेट बैंक तिराहा, आंबेडकर पार्क, कचहरी रोड, तस्वीर महल, होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। इससे पूर्व आंबेडकर पार्क पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन जद्दोजहद के बाद कांग्रेसी आगे बढ़ गए। कलक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। चुनाव आयुक्त इस्तीफा दो, चुनाव आयुक्त को गिरफ्तार करो, चुनाव आयुक्त लोकतंत्र का हत्यारा है..आदि नारे लगाए।
विवेक बंसल ने कहा कि चुनाव आयोग पर देश के नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा का दायित्व है, लेकिन चुनाव आयुक्त मतदाताओं के साथ छलावा कर रहे हैं। राहुल गांधी ने एसआईआर की प्रक्रिया का विरोध किया था, जिसकी सच्चाई अब सबके सामने है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान, तनूजा देशराजन, शालिनी चौहान, रेखा शर्मा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय यादव आदि मौजूद रहे।