चंदपा की अनुसूचित जाति की बिटिया के घर जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को गिरफ्तार किए जाने और मडराक में स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में लिए जाने से कांग्रेसियों में उबाल है। उन्होंने पुलिस के इस रवैये पर तीखी नाराजगी जताई है।
अलीगढ़ से नोएडा पहुंचकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ यमुना एक्सप्रेसवे पर पैदल मार्च करने वालों में राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष परवेज खान, युवा नेता गौरांग देव, युवा जिलाध्यक्ष कपिल शर्मा, अमित शर्मा, मोहित बंसल, अनवर अकील आदि रहे। इस दौरान महानगर अध्यक्ष परवेज खान ने दिल्ली वापसी के समय राहुल व प्रियंका गांधी से मुलाकात की। राहुल उनकी पीठ ठोंकते हुए आगे बढ़ गए। वहीं, दोनों नेताओं के आने की सूचना पर हाथरस जा रहे अलीगढ़ के कांग्रेसियों को मडराक टोल प्लाजा पर रोक लिया गया। यहां पुलिस हिरासत में लिए गए कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए। तीन घंटे हिरासत में रखने के बाद कांग्रेसियों को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विनोद पांडे, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व सचिव मनोज सक्सेना, पूर्व जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस आनंद पाल सिंह, वरिष्ठ नेता मुस्ताक अहमद, अरशद खान, असद फारुख, सम्राट सिंह, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हनी यादव, गजेंद्र सिंह, आसिफ सैफी, आजम खान, शुभम सिंह, वीर सिंह बंजारा राम गोपाल रैना आदि थे।
पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि हाथरस आ रहे कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी अनुसूचित जाति के साथ अत्याचार, लोकतंत्र की हत्या एवं तानाशाही का सुबूत है। देश व प्रदेश की भाजपा की सरकार के मुखिया मोदी और योगी देश की जनता को ये बताएं कि यदि वहां कुछ गलत नहीं हुआ है तो राष्ट्रीय पार्टी के नेता को क्यों रोक कर गिरफ्तार किया। अलीगढ़ से अपनी टीम के साथ पहुंचे जिलाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह, मोहित बंसल, अनवर अकील आदि लोगों को उन्होंने बधाई दी।
अखिल भारतीय कांग्रेस के पूर्व पर्यवेक्षक अखिलेश शर्मा ने कहा कि यूपी पुलिस द्वारा राहुल गांधी की गिरफ्तारी निंदनीय है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य शाहिद खान ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा रोके जाने, बदसलूकी किए जाने, धक्का-मुक्की करने की निंदा की है। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तत्काल अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। कांग्रेस जिला को-आर्डिनेटर राजीव गुप्ता लीडर ने कहा प्रदेश में गुंडाराज कायम है।
जिले के बॉर्डर पर चारों ओर तैनात रहा फोर्स
राहुल व प्रियंका गांधी के हाथरस जाने की खबर पर सुबह से ही पुलिस बल जीटी रोड के गभाना टोल, यमुना एक्सप्रेस वे के टप्पल इंटरचेंज व जेवर टोल और आगरा रोड पर मडराक टोल व जिला बॉर्डर पर तैनात रहा। हर गाड़ी को चेकिंग के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा था। जो भी विपक्षी दलों का नेता इन गाड़ियों में मिलता, उसे या तो वापस भेज दिया जाता या जिद करने पर वहीं बैठा लिया जाता और कई कई घंटे बाद वापस भेजा जाता। कुल मिलाकर सुबह से ही पुलिस प्रशासनिक मशीनरी अलर्ट थी और देर शाम तक यही क्रम चला। इस दौरान यमुना एक्सप्रेस वे के जेवर टोल पर तो काफी देर तक नोएडा की ओर से आने वाले वाहनों को पूरी तरह से आगे नहीं जाने दिया गया। इससे काफी देर वहां वाहनों की लंबी कतार लगी रही।