भारतीय वायु सेना के बालाकोट एयर स्ट्राइक की सूचना लीक होने के मामले में कांग्रेसियों का आक्रोश भड़क गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मैरिस रोड पर प्रदर्शन करते हुए निजी टीवी चैनल के इस कृत्य को देश विरोधी करार दिया। कांग्रेसियों ने इस कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसीएम रंजीत सिंह को सौंपा।
इससे पहले सभी कांग्रेसी मैरिस रोड स्थित धर्मपुर कोर्टयार्ड में इकट्ठा हुए। यहां से जुलूस की शक्ल में सेंटर प्वाइंट चौराहे पर पहुंचे। कांग्रेसियों के हाथों में तख्तियां थीं। जिन पर राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी सूचनाओं को लीक किए जाने की बात कही गई थी। सेंटर प्वाइंट पर विवेक बंसल ने कहा कि जो सूचना प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के पास होती है, वह एक निजी टीवी चैनल पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले को कैसे हुई। यह राष्ट्रद्रोह का कृत्य है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले की गहराई से जांच कराई जाए और जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर विजयलक्ष्मी सिंह, शालिनी चौहान, शबनम बेगम, बेबी जॉन, इमराना बेगम, लक्ष्मी देवी, सरदार दलजीत सिंह, सैयद वसीम अहमद, विंसेंट जोयल, देवेंद्र शास्त्री, आनंद बघेल, बाबू उद्दीन, साबिर अहमद, मोहनलाल पप्पू, सुनील कुमार, ताज मोहम्मद, ऋषि भारद्वाज, गौरव गुप्ता, हसरत लियाकत, धर्मेंद्र लोधी, वसीम मलिक, सोहेल अख्तर, अशोक कुमार राजपूत, जमीर अहमद, काजी वसीम, सागर सिंह तोमर, बाबू खान, हनी यादव, प्रदीप रावत, शाहिद कुरैशी, बिजेंद्र सिंह बघेल, तेजवीर सिंह बघेल आदि मौजूद थे।