सांकरा-नानऊ मार्ग पर दादों से पहले टूटी सड़क पर भरा पानी
- फोटो : संवाद
जवां से सुनाना और मादोगढ़ शिव मंदिर तक रास्ता बदहाल
जवां से सुनाना और मादोगढ़ शिव मंदिर तक जाने वाला मार्ग पिछले करीब दो वर्षों से बदहाल पड़ा है। इस रास्ते हर साल श्रद्धालु करीब 40 किलोमीटर दूर अनूपशहर गंगा घाट से गंगाजल लेकर सुनाना, मादोगढ़ और खेरेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचते हैं। कांवड़ियों के पैरों में कंकड़ चुभ सकते हैं।
अतरौली में ब्रिगेड कार्यालय के पास नहीं भरे गड्ढे
रामघाट कल्याण मार्ग पर अतरौली में फायर ब्रिगेड कार्यालय के निकट, पैंठ चौराहा, ठाकुर मंदिर की तरफ और पिलखुनी के पास सड़क पर गड्ढे अभी तक नहीं भरे हैं। फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास सड़क पर नालियों का गंदा पानी भी आ रहा है। एसडीएम नरायन सिंह ने बताया कि गड्ढों को भरा जा रहा है।
लहरा सलेमपुर, गिरधरपुर और नगला बाग के पास सड़क खराब
दादों में सांकरा-नानऊ मार्ग पर गांव लहरा सलेमपुर, गिरधरपुर और नगला बाग के पास सड़क खराब है। सड़क कई स्थानों पर टूट चुकी है और उसपर गिट्टी उखड़ आई है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण कांवड़ियों को संभलकर चलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नंगे पैर चलते वक्त कंकड़ पैरों में चुभते हैं, जबकि गड्ढों और धूल के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।