भाजपा नेता और आरामशीन संचालक विशाल पंडित ने मुख्यसचिव, वन मंत्री ओर मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर डीएफओ की शिकायत की है। आम के वृक्षों की कटान की अनुमति देने में सुविधा शुल्क मांगे जाने का आरोप लगाया है।
विशाल पंडित के अनुसार अतरौली क्षेत्र निवासी सगे भाइयों मुकेश व महेश से आम के 60-60 वृक्ष उन्होंने खरीदे। उनका आरोप है कि कटान की अनुमति मांगने पर डीएफओ ने उनसे 80 हजार रुपये का सुविधा शुल्क मांगा। सुविधा शुल्क की जगह उन्होंने 60-60 हजार की दो एनएससी लिपिक अरविंद बाबू शर्मा को 21 फरवरी को दे दीं। इसके बावजूद उन्हें अनुमति नहीं दी जा रही। जबकि इसी बीच विभाग 15 अनुज्ञा पत्र जारी कर चुका है।
इसके साथ ही भाजपा नेता ने डीएफओ पर धमकाने सहित अन्य आरोप लगाए। आरोपों की जांच कराते हुए कार्रवाई की शासन से मांग की। वहीं डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य का कहना है कि अनावश्यक दबाव बनाने के लिए फर्जी शिकायत की गई है। दबाव में न आकर नियमानुसार ही कार्य किया जाएगा।