लोधा थाना क्षेत्र के खैर रोड पर शनिवार को टायर फटने से हरियाणा रोडवेज की दो बसों की भिड़ंत में पांच सवारियों की मौत और 32 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे को लेकर अमर उजाला ने रोडवेज बसों के टायरों के कटे-फटे और घिसे होने की खबर लिखी थी, जिसका संज्ञान कोल विधायक अनिल पाराशर ने लिया है। उन्होंने सीएम को इस संबंध में पत्र लिखा है और बसों को दुरुस्त कराने और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक अनिल पाराशर के मुताबिक, संज्ञान में आया है कि रोडवेज बसों में घिसे, कटे-फटे टायरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके चलते वह बीच रास्ते दुर्घटनाग्रस्त हो जाती हैं। अलीगढ़ के गांधी पार्क, मसूदाबाद, सारसौल, अतरौली बस अड्डे से संचालित होने वाली रोडवेज बसों का हाल खराब है। किसी के टायर फटे हैं तो किसी के घिसे हैं। यह बसे कभी भी बड़ी दुर्घटना का शिकार हो सकती हैं। अनिल पाराशर के मुताबिक रोडवेज के कंधों पर हजारों जिंदगियों को सुरक्षित घर पहुंचाने का जिम्मा होता है। वह किसी भी सूरत में अधिकारियों की लापरवाह को सहन नहीं करेंगे।