अलीगढ़ (ब्यूरो)। दिल्ली से भाजपा सांसद एवं पार्टी के प्रेदश सह प्रभारी रमेश विधूड़ी, यूपी में तालिबानी शासन संबंधी बयान देकर पर फंस गए हैं। सपाइयों ने इसे गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। यह तहरीर जिला महासचिव की ओर से दी गई है।
फिलहाल पुलिस ने जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। उल्लेखनीय है कि लचर कानून-व्यवस्था एवं दादरी के अखलाक के परिजनाें के समान अलीगढ़ के हालिया सांप्रदायिक झड़प में मारे गए गौरव के परिजनों को मुआवजा देने के सवाल पर बुधवार से भाजपा ने एक सप्ताह का धरना का कार्यक्रम शुरू किया है।
इसके पहले दिन मुख्य वक्ता के तौर पर भाजपा कार्यकर्ताआें को संबोधित करते हुए सांसद विधूड़ी ने विवादास्पद बयान दिए थे। इस दौरान उन्हाेंने कहा था कि कबीना मंत्री आजम खां के कहने पर प्रदेश में तालिबानी राज चल रहा है। ऐसे लोग देश की संस्कृति को तबाह करने पर आमादा हैं।
इस बयान के विरोध में बृहस्पतिवार दोपहर सपा जिला महासचिव नरेंद्र सोलंकी की ओर से एक तहरीर सिविल लाइंस थाने में दी गई। जिसमें कहा गया है कि धरने पर भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी द्वारा दिया गया बयान विवादित है। यह भारतीय समाज को विभाजित करने वाला है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
तहरीर देते समय सपा के पूर्व प्रदेश सचिव राजेश सैनी, प्रवक्ता सुशील गौड़, रमेश पांडेय, योगेश चौधरी, रामप्रताप यादव, आदि मौजूद थे। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सूर्यकांत द्विवेदी ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि फिलहाल जांच कराई जा रही है।