अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में सीएए और एनआरसी के विरोध में हुए बवाल के मामले में सुर्खियों में रहे गुंडा एक्ट में जिला बदर किए गए छात्र नेता के ट्वीट की शिकायत एसएसपी से की गई है। एएमयू के ही पूर्व छात्र व भाजपा नेता डा. निशित ने भारत की वैश्विक स्तर पर छवि खराब करने का आरोप लगाया है।
भाजपा नेता डॉ.मानवेंद्र सिंह संग एसएसपी से मिले डा. निशित ने बताया कि इस छात्र नेता ने ट्वीट किया है कि वह भारत में मुस्लिमों के खिलाफ हो रहे क्राइम की वीडियो को सबटाइटल के साथ प्रचार-प्रसारित करेंगे। ट्वीट में लिखा है कि इससे दुनिया जान सकेंगी कि भारत में हो क्या रहा है। डा. निशित का आरोप है कि इससे साफ है कि वह अनर्गल वीडियो जारी कर भारत की छवि को वैश्विक स्तर पर धूमिल करने का काम करेंगे। इससे पूर्व 23 अप्रैल को भी इसी प्रकार की शिकायत एसएसपी से की गई थी, जिसमें आरोप था कि एएमयू के कुछ अराजक तत्व खाड़ी देशों में काम कर रहे भारतीय हिंदुओं के खिलाफ विद्वेष फैलाने का काम कर रहे हैं। दोनों ही मामलों की जांच का आश्वासन एसएसपी ने दिया है। एसएसपी ने बताया कि एलआईयू की टीम पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।