अलीगढ़ जिला मुख्यालय पर 12 जून दोपहर अपनी फरियाद लेकर डीएम कार्यालय पहुंचा एक पीड़ित व्यक्ति बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। पीड़ित थाना गोरई क्षेत्र का रहने वाला है, जो ग्राम प्रधान के उत्पीड़न से परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने जिला मुख्यालय आया था।
प्रधान ने चक मार्ग और नाली पर कब्जा दिखाया था, जबकि यह जगह छूूटी हुई है। मेरे मकान में निर्माण कार्य को रुकवा दिया। एफआईआर भी लिखा दी। इलाका पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने रसूखदारों के प्रभाव में पूरे परिवार को परेशान कर रखा है। 50 गज का पूरा मकान है। -विपिन कुमार, बेहोश हुए पीड़ित का भाई
गांव सुदामावास तहसील इगलास निवासी दिनेश कुमार एवं उनके भाई विपिन ने जनता दर्शन में ग्राम सभा की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के संबंध में धारा 67 उप्र राजस्व संहिता के तहत की गई कार्रवाई एवं दर्ज एफआईआर की पुनः जांच कराए जाने का अनुरोध किया। प्रकरण को सुनते हुए उपजिलाधिकारी इगलास को पुनः जांच के निर्देश दिए गए। आवेदकों को आश्वस्त किया गया कि जांच पूर्ण होने तक कोई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। जनता दर्शन से लौटते समय दिनेश कुमार अचानक अचेत होकर गिर पड़े, जिनको तत्काल एंबुलेंस से मलखान सिंह चिकित्सालय पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया गया।- विनीत मिश्रा, एसीएम प्रथमविज्ञापन
अवैध कब्जे को लेकर गांव के ही व्यक्ति गजेंद्र द्वारा शिकायत की गई थी। शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम द्वारा जांच की गई। जांच में अवैध कब्जा पाए जाने पर कार्रवाई की गई। मेरे ऊपर लगाए आरोप निराधार हैं।-पवन छौंकर, ग्राम प्रधान, गांव सुदामावास