गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय एकता से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सुबह 8.30 बजे सभी सरकारी एवं गैरसरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कमिश्नरी में मंडलायुक्त, कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी, विकास भवन में सीडीओ, नगर निगम में नगर आयुक्त, एएमयू में कुलपति ध्वजारोहण करेंगे।
सुबह नौ बजे से पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर ध्वजारोहण, सलामी परेड एवं सम्मान समारोह होगा। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर प्रात: पांच बजे से पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण होगा। 6.30 बजे प्रभात फेरी होगी। प्रभात फेरी डीएम आवास के सामने घंटाघर पार्क से कठपुला, रसलगंज होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगी।
प्रात: 7 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम रामघाट रोड अलीगढ़ में एक क्रास कंट्री दौड़ होगी। प्रात: 8.30 बजे समस्त सरकारी एवं गैर सरकारी इमारतों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान होगा। प्रात: 9 बजे पुलिस लाइन में परेड होगी। सुबह 10 बजे समस्त शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण, खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
11 बजे जिला कारागार में कार्यक्रम होंगे। 12 बजे सेवाभवन में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज में कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों की वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। मलखान सिंह, दीनदयाल, मोहन लाल गौतम चिकित्सालयों में समस्त मरीजों को फल तथा मिष्ठान वितरित किया जाएगा। मदर टेरेसा चैरिटेबल ट्रस्ट में बच्चों को भोजन की व्यवस्था की जाएगी। अपरान्ह 2 बजे एक मार्च पास्ट कार्यक्रम होगा।
रविवार को यूपी दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर नुमाइश मैदान के कृष्णांजलि सभागार और दरबार हॉल में रंगारंग कार्यक्रम के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाएगा। दरबार हॉल में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
जिला सूचना अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि इस मौके पर साहित्य, कला, संस्कृति, हिंदी, समाजसेवा, कृषि के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे। आयोजन नुमाइश मैदान स्थित कृष्णांजलि सभागार और दरबार हाल में होगा। यूपी दिवस 25 जनवरी को होता है, लेकिन इस बाद यूपी दिवस, मतदाता दिवस और गणतंत्र दिवस को जोड़ कर तीन दिन का कार्यक्रम बनाया गया है।
25 जनवरी को मतदाता दिवस
आगामी 25 जनवरी को मतदाता दिवस मनाया जाएगा। जिसमें युवा मतदाताओं को रंगीन वोटर कार्ड दिए जाएंगे। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रैली निकाली जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि युवा मतदाता दिवस पर सभी 18 वर्षीय युवाओं से आह्वान है कि वो अपना वोटर कार्ड बनवाएं और सभी चुनावों में अपना मतदान करें।