बैंक में सीसीटीवी में फुटेज देखते एसपी सिटी।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
थाना क्वार्सी क्षेत्र में बदमाशों ने बैंक से पैसे निकालकर घर जा रहे कोचिंग संचालक से ढाई लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मची हुई है।
थाना गांधी पार्क क्षेत्र के धनीपुर मंडी निवासी विपिन कुमार शर्मा नौरंगाबाद में कोचिंग सेंटर चलाता है। शुक्रवार को वह रामघाट रोड पर एक्सिस बैंक में पैसे निकालने के लिए आया था। दोपहर करीब 1.30 बजे बैंक से पैसे निकालकर जब वह वापस जाने के लिए बाइक पर बैठा तो पता चला कि उसकी बाइक में पंचर है। उसने पंचर सही कराने के लिए सामने ही मैकेनिक की दुकान पर बाइक खड़ी कर पैसों से भरा बैग रख दिया। इसी दौरान एक बाइक पर दो बदमाश आए और बाइक पर रखा पैसों से भरा बैग उठाकर भाग गए। विपिन ने शोर मचाया लेकिन बदमाश फरार हो गए। सूचना पर एसपी सिटी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस पीड़ित के बताए हुए हुलिए के आधार पर बदमाशों को तलाशने का काम कर रही है। माना जा रहा है कि बाइक के पंचर होने को भी बदमाशों का ही षड्यंत्र माना जा रहा है।