गोंडा थाने में घटनाक्रम के बाद शुक्रवार को तीसरा दिन भी सन्नाटे में बीता। हां, फरियादियों की आवाजाही तो बेहद कम दिखी। मगर दिन में कई घंटे वहां सीओ ने बिताए। हालांकि अभी नए एसओ की तैनाती नहीं हुई है। मगर नए एसपी देहात ने गोंडा के कामकाज की समीक्षा शुरू कर दी है और उनका ज्यादा फोकस फिलहाल गोंडा पर है। इधर, इस घटनाक्रम के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर थम नहीं रहा है।
थाने में हुए प्रकरण के बाद शासन स्तर से एसओ अनुज सैनी को निलंबित किया गया और एसपी देहात का तबादला किया गया। इसके बाद से लगातार सीओ वहां अपना सर्वाधिक समय दे रहे हैं। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी सीओ ने वहां पूरा समय दिया। स्टाफ संग थाने के कामकाज की चर्चा करते रहे और लंबित कामकाज निपटाने पर जोर रहा।
इस दौरान दिन भर थाने में कोई फरियादी तो नहीं आया। मगर तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी रहा।
इस दौरान शुक्रवार को निलंबित एसओ थाने में नहीं दिखाई दिए। वहीं नई तैनाती न होने के कारण अभी वहां वरिष्ठ एसआई प्रभारी का काम देख रहे हैं। इधर, नए एसपी देहात शुभम पटेल ने बृहस्पतिवार को चार्ज संभालते हुए शुक्रवार को अपने दफ्तर में बैठे और गोंडा पर फोकस करते हुए वहां के कामकाज की समीक्षा की। एसएसपी ने भी उन्हें कुछ टिप्स दिए।