पिछले तीन दिनों से शहर में सीएनजी की भारी किल्लत हो गई है। मथुरा रोड पर ए टू जेड प्लांट के पास और सूत मिल से नादा पुल की ओर वाले दोनों प्रमुख सीएनजी पंपों पर सुबह से रात तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।
नगर निगम के कचरा वाहन, ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और निजी कारें घंटों इंतजार करने के लिए मजबूर हैं। इस कारण मंगलवार को कई मोहल्लों से कूड़ा नहीं उठा सका। दोनों पंपों से सामान्य दिनों में पांच से छह हजार किलोग्राम सीएनजी रोज बिकती थी, लेकिन अब सिर्फ डेढ़ से दो हजार किलोग्राम ही आ पा रही है।
वजह यह है कि सीएनजी बुलंदशहर के डिबाई स्थित राधिका फिलिंग स्टेशन से आती है, वहां का कंप्रेशर खराब हो गया है। साथ ही सप्लाई करने वाली गाड़ियां भी खराब होने से समय पर गैस पंप तक नहीं पहुंच पा रहीं। नगर निगम के कई कचरा उठाने वाले वाहन भी लाइन में खड़े होने से देर से काम शुरू कर पा रहे हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।
ऑटो चालकों का कहना है कि पूरा दिन कतार में खड़े होकर ही बीत रहा है, कमाई नहीं हो पा रही है। किल्लत कब तक दूर होगी, इसकी कोई निश्चित जानकारी नहीं है। चालकों को सलाह दी जा रही है कि जब तक सप्लाई ठीक न हो, वैकल्पिक ईंधन का इंतजाम रखें।
सप्लायर कंपनी से लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। कई चालक तो सुबह पांच बजे से ही लाइन में लग जाते हैं, फिर भी शाम तक सीएनजी नहीं मिल पाती।
-डॉ. महेश सिंह रावत, ऋषभ रावत पेट्रोल पंप
पंप का कंप्रेशर खराब होने, जाम और प्रेशर कम होने के कारण सीएनजी की दिक्कत है। लोगों के साथ हम लोगों को भी परेशानी और नुकसान उठाना पड़ रहा है।
-विक्रांत सिंह, मालिक, राजकुमार फिलिंग पंप
सीएनजी की समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान निकाला जाएगा, जिससे सीएनजी वाले वाहन चालकों को राहत पहुंचेगी।
-सत्यवीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी