मुख्यमंत्री दोपहर 01:30 बजे हैलीकॉप्टर के जरिए नुमाइश मैदान पहुंचेंगे। यहां जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के साथ ही अनुसूचित जाति सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद जनपद के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। अपर जिला मजिस्ट्रेट अमित कुमार भट्ट के अनुसार मुख्यमंत्री अपरान्ह 03:20 बजे राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के उपरांत संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
यह मंत्री सम्मेलन में लेंगे भाग
अलीगढ़ महानगर के नुमाइश मैदान में होने वाले अनुसूचित जाति सम्मेलन में भाग लेने आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश के गन्ना एवं चीनी मिलें एवं जनपद प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलैक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग योगेंद्र उपाध्याय, समाज कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरूण, राज्यमंत्री बेसिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह, राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा विभाग गुलाब देवी, कैबिनेट मंत्री महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार बेबी रानी मौर्य आदि समेत प्रदेश के करीब 12 मंत्री शामिल होंगे। ब्रज क्षेत्र में आने वाले 16 जिलों के करीब 76 विधानसभाओं के सांसद एवं विधायक समेत तमाम जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इन जनपदों से भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं को लाने के लिए करीब 350 निजी बसें लगायी गई हैं। भाजपाईयों का दावा है कि सम्मेलन में एक से डेढ़ लाख तक कार्यकर्ता शामिल होंगे।