जिले में कोरोना की रफ्तार के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इसकी रोकथाम में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कामों की समीक्षा के लिए जल्द सीएम योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना जताई जा रही है।
जिला प्रशासन में मुख्यमंत्री के निरीक्षण की चर्चाएं तेज हैं। अधिकारी से लेकर कर्मचारी और सभी पटलों के बाबू अपने अपने अधिकार क्षेत्र की फाइलों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग कोविड अस्पतालों से लेकर सरकारी अस्पतालों की ओपीडी व्यवस्था में सुधार के लिए जुट गया है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक सीएम का संभावित आगमन इसी माह में प्रस्तावित है। वह 25 सितंबर से पहले अलीगढ़ आने की तैयारी में हैं। उनके आगमन से पहले यहां शासन से कोई अधिकारी या कैबिनेट मंत्री दौरा करने के लिए आ सकता है।