पुलिस पर प्रमोद कुमार की तलाश न करने का आरोप लगाते हुए मैरिस रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण स
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के मैरिस रोड मिसगिल कंपाउंड इलाके से बृहस्पतिवार से लापता युवक को लेकर रहस्य गहराता जा रहा है। हरदुआगंज में उसकी बाइक व अतरौली में रजवाहे के पटरी पर कपड़े मिलने के बाद परिवार भी तरह-तरह की आशंकाओं से घिर गया है और अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। इस घटना को लेकर शनिवार दोपहर परिवार की महिलाएं सड़क पर आ गईं और मैरिस रोड पर जाम लगा दिया। बाद में सभी लोग कांग्रेस नेता विवेक बंसल के साथ सिविल लाइंस थाने गए। जहां पुलिस ने उन्हें ठोस भरोसा दिलाया है।
सिविल लाइंस के मिसगिल कंपाउंड निवासी सुरेश कुमार का भतीजा 35 वर्षीय प्रमोद अमीर निशा के कपड़ा शोरूम में बतौर मैनेजर नौकरी करता है। बृहस्पतिवार दोपहर वह घर से अपनी कार लेकर टैंपो की किस्त जमा करने की कहकर रुपये लेकर निकला था। तभी से गायब है। इस पर परिवार ने शुक्रवार शाम गुमशुदगी दर्ज कराई।
रात भर और शनिवार को दिन भर हुई खोज में पता चला कि प्रमोद घर से निकलकर क्वार्सी में अपने दोस्त के घर पहुंचा और वहां कार खड़ी कर उसकी बाइक लेकर हरदुआगंज में अपने प्लाट को देखने की कहकर गया। शुक्रवार रात उसकी बाइक हरदुआगंज थाने से करीब 50 कदम पहले ही लावारिस अवस्था में खड़ी मिली। इसके बाद जब क्वार्सी से पीएसी तक के सीसीटीवी देखे गए तो पाया कि हरदुआगंज की ओर जाता दिखा है। वहीं उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन क्वार्सी साक्षी विहार आ रही है।
कपड़े मिलने पर गुस्साया परिवार, मैरिस रोड पर हंगामा
शनिवार को तलाश के दौरान अतरौली के मढ़ौली रजवाहे की पटरी पर हेलमेट, कुछ ही दूरी पर पैंट व काली नदी पुल के पास पर्स व मास्क पड़ा मिला है। यह खबर जब परिवार को मिली तो परिवार में खलबली मच गई और पुलिस पर तलाश में देरी का आरोप लगाते हुए महिलाएं मैरिस रोड पर आ गईं और जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच खबर पर कांग्रेस नेता विवेक बंसल वहां पहुंच गए।
उन्होंने महिलाओं को समझाकर शांत करते हुए जाम खुलवाया। बाद में सभी लोगों को लेकर विवेक बंसल थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया। तब जाकर सभी घर लौटे। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार मामले में सीसीटीवी के अलावा सर्विलांस व अन्य तमाम माध्यमों से खोज का प्रयास किया जा रहा है। जल्द किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा।
प्रमोद कुमार। - फोटो : CITY OFFICE