अधिवक्ता के साथ हुए टकराव की घटना के बाद 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर सफाई कार्य ठप करने की चेतावनी देने वाले नगर सफाई मजदूर संघ ने हड़ताल के आह्वान को वापस ले लिया है। इससे पहले प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नगर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, राधे घूरी व दूसरे पक्ष से बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश बाबू गुप्ता, महासचिव अनूप कौशिक के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। जहां करीब एक घंटे तक दोनों ओर से अपनी-अपनी बात हंगामे के बीच रखी गई। बाद में दोनों ओर से सहमति पर समझौते का ऐलान किया गया और दोनों पक्षों के लोगों ने गिले शिकवे दूर किए। सुलह समझौते के चलते बार एसोसिएशन द्वारा भी हड़ताल वापसी का ऐलान किया गया। इसके चलते दीवानी में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ।
नगर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने कहा है कि एडीएम सिटी राकेश मालपानी, एसडीएम कोल रंजीत सिंह, सीओ सिविल लाइन की मौजूदगी में दोनों पक्षों में बातचीत हुई है। दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर को वापस लेने पर सहमत हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को गले लगाकर गिले शिकवे मिटाए। प्रदीप भंडारी और राधे घूरी ने कहा कि अब अगर भविष्य में सफाई कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार हुआ तो उसे सहन नहीं किया जाएगा।
संघ के प्रदेश सचिव आनंद शास्त्री ने कहा कि नगर आयुक्त ने इस टकराव को खत्म कराने में ईमानदारी से अपनी भूमिका निभाई। इस अवसर पर बिल्लू चौहान, राजीव भारती, बबलू कमल, प्रशांत वाल्मीकि, सुरेंद्र आजाद, किशन चंदेल, ब्रह्मानंद शास्त्री, लाखन सिंह, नितिन चौहान, सुमित घूरी, विमल प्रेम, राजीव चौहान, ध्रुव वाल्मीकि, अधिवक्ताओं में प्रदीप सक्सेना, सुनील राजा, संजय शर्मा, संजय चौधरी, चंद्रमणि कौशिक, विकास शर्मा, संदीप चाणक्य, संदीप भारद्वाज, अनिल सेंगर, देवेंद्र जादौन आदि मौजूद थे। बार एसोसिएशन अध्यक्ष कैलाश बाबू गुप्ता व सचिव अनूप कौशिक के अनुसार इस प्रकरण के चलते बुधवार को हड़ताल रखी गई थी। गुरुवार को भी हड़ताल पर जाने का प्लान था। मगर दोपहर में हुई सुलह वार्ता में हल निकल जाने के कारण उन्होंने हड़ताल पर न जाने का निर्णय लिया है। अब दोनों ओर से दर्ज मुकदमों में शपथ पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके आधार पर पुलिस मुकदमों को दाखिल दफ्तर करेगी।
पार्किंग की समस्या को उठाया
कलक्ट्रेट परिसर में एडीएम सिटी आफिस में हुई समझौता वार्ता के दौरान अधिवक्ताओं ने दीवानी कचहरी के बाहर पार्किंग की समस्या को भी उठाया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश बाबू गुप्ता ने कहा कि यहां पर पार्किंग को लेकर समस्या बनी है जिसके चलते यह स्थिति आती है। साथ ही यहां पर वाहन ठेके के नाम पर तहबाजारी की भी वसूली की जा रही है।