सिटी हाईस्कूल के पीछे महिला से एक लाख लूटे
थाना बन्ना देवी क्षेत्र में बुधवार की रात मायके से घर लौट रही एक महिला से सिटी हाईस्कूल के पीछे सड़क पर बाइक सवार बदमाशों ने एक लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश मौके से भाग गए थे।
थाना बन्ना देवी क्षेत्र में प्रतिभा कॉलोनी निवासी अंजलि मित्तल का मायका हाथरस में है। उनके पति फोटो स्टूडियो चलाते हैं। बुधवार की रात अंजलि अपने मायके से पैसे आदि लेकर लौट रही थी। वह मसूदाबाद बस स्टैंड पर बस से उतरने के बाद रिक्शे से अपने घर जा रही थीं। सिटी हाईस्कूल के पीछे जहां रात को बेहद सूनसान सा इलाका रहता है, वहां बाइक सवार बदमाशों ने उनसे पर्स छीन लिया और फरार हो गए।
पर्स में करीब 1 लाख रुपये, जो मायके से किसी काम के लिए लाए गए थे, वह और मोबाइल आदि था। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और शिकायत सुन ली है। कयास लगाए जा रहे हैं कि महिला एक मोटी रकम लेकर आ रही थी, इस बात की जानकारी कुछ करीबी लोगों को हो सकती है। पुलिस का मानना है कि बदमाशों को जरूर इस बात की जानकारी रही होगी कि अंजलि एक लाख रुपये लेकर आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।