चाइनीज मांझा बना मौत का धागा, खुलेआम बिक रहा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मौत का धागा बन चुका चाइनीज मांझा शहर में भी खुलेआम बिक रहा है। दिल्ली में इस मांझे का शिकार होकर तीन लोग जान गवां चुके हैं। एक दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर सहित गाजियाबाद का एक बच्चा बुरी तरह इससे जख्मी हो गया है।
कुछ दिनों पहले ही अलीगढ़ में भी दो लोग इस मांझेे का शिकार होकर बेहद गंभीर हालत में पहुंच गए थे। लेकिन इन घटनाओं के बाद भी शहर में ऐसी कई जगह हैं, जहां पर यह चाइनीज मांजा खुलेआम बिक रहा है। लेकिन प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में यह प्रश्न विचारणीय है कि क्या और हादसों का इंतजार किया जा राह है।
शहर में ऊपरकोट, देहली गेट क्षेत्र, उस्मानपाड़ा, जयगंज, फिरदौस नगर, शहंशाहबाद आदि इलाकों में यह चाइनीज मांजा खुलेआम मिल रहा है। विचार करें कि कुछ दिनों पहले मीनाक्षी फ्लाई ओवर पर सासनी गेट आवास विकास कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति इसकी चपेट में आकर जख्मी हुए थे। इसी तरह टीकाराम बिल्डिंग निवासी कारोबारी के परिवार का एक बच्चा इसकी चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हुआ था।
क्या है यह मांझा
यह एक साधारण धागा ही होता है जिस पर ग्लास कोट होता है। इस ग्लास कोट के साथ ही यह धागा किसी तेज ब्लेड की सी धार हासिल कर देता है। पतंग के कटने पर जब यह मांजा नीचे गिर रहा होता है तो इसकी चपेट में वाहन चालक के आने पर उसकी गर्दन पर यह किसी तलवार की तेज धार जैसा वार करता है। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस पर प्रतिबंध लगाने के लिए दिल्ली सरकार को लिखा। इस पर वहां प्रतिबंध लगा दिया गया है।