महानगर के मथुरा रोड इलाके की कृष्णाधाम कॉलोनी में सोमवार सुबह-सुबह बच्चों के विवाद में दो पक्षों में भिड़ंत हो गई और इस दौरान मारपीट के बीच पथराव-फायरिंग तक हो गई। इस झगड़े में तीन लोग जख्मी हो गए। खबर पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोग हिरासत में लिए हैं और दोनों ओर से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
बताया गया है कि बलवीर सिंह के बच्चों का शैलेंद्र सिंह के बच्चों से क्रिकेट खेलने के दौरान दस दिन पहले विवाद हुआ था। उस समय मामला रफा-दफा करा दिया गया। मगर सोमवार सुबह फिर शैलेंद्र पक्ष के लोग बलवीर सिंह के घर पहुंच गए। जहां कहासुनी ने तूल पकड़ लिया और मारपीट के दौरान ईंट पत्थर चले। इसी बीच किसी पक्ष ने फायरिंग कर दी। इससे वहां भगदड़ मच गई। खबर पर सासनी गेट पुलिस पहुंच गई। एसओ सासनी गेट के अनुसार तीन लोग जख्मी हुए हैं। कुछ लोग हिरासत में हैं और मुकदमा दर्ज कर कुछ को तलाश किया जा रहा है।
नगला पटवारी में जुआरियों में झगड़ा
अलीगढ़। महानगर के क्वार्सी के नगला पटवारी में सोमवार दुपहर दो जुआरी पक्षों में हार जीत को लेकर झगड़ा हो गया। मारपीट की सूचना पर पहुंच पुलिस ने आधा दर्जन को हिरासत में ले लिया। बताया गया है कि जुआरी पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस सूचना पर दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को थाने ले आई और कार्रवाई जारी थी।
पुलिस के सामने ही चौराहे पर मारपीट
अलीगढ़। क्वार्सी चौराहे पर बाइक व टिर्री की भिड़ंत में सोमवार को दोनों चालकों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी सब कुछ देखता रहा। मगर किसी ने रोकने की जहमत नहीं उठाई। बताया गया है कि दुपहर में जाम के दौरान बाइक पीछे से टिर्री में जा ठुकी थी। इसी बात पर दोनों में मारपीट हुई थी। बाद में अन्य राहगीरों के हस्तक्षेप पर विवाद शांत हुआ।