बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में बच्चे बीमार हो रहे हैं। मलखान सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सक प्रतिदिन करीब 150 बच्चों को देख रहे हैं। 15 से 20 बच्चों को भर्ती भी करना पड़ रहा है। उल्टी, दस्त, बुखार के सबसे अधिक मरीज हैं।
मलखान सिंह जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में 27 बेड हैं, जबकि उपचार के लिए उससे अधिक बच्चे भर्ती हैं। शुक्रवार को 27 के स्थान पर 35 बच्चे भर्ती थे। बृहस्पतिवार को संख्या 37 थी। कुछ बेड पर एक से अधिक बच्चों को रखकर उपचार चल रहा है। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि बारिश के बाद बच्चों की संख्या बढ़ गई है। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कपूर ने बताया कि प्रतिदिन करीब 150 या उससे अधिक बच्चे ओपीडी में आ रहे हैं। उल्टी, दस्त, बुखार एवं अन्य तरह की बीमारियों से बच्चे पीड़ित हैं। कुछ बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में अभिभावकों को विशेष सावधानी रखनी चाहिए। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। पानी उबाल कर पीना चाहिए। खाने से पहले सब्जी-फल आदि को अच्छी तरह साफ करें। बच्चों को बाहर की चीज खाने के लिए नहीं दें। मास्क, दूरी एवं बार-बार हाथ धोते रहे। बच्चों को भी इसकी जानकारी दें।
बिना मास्क लगाए वार्ड में आते हैं तीमारदार
बच्चा वार्ड में बहुत कम तीमारदार कोरोना का ख्याल रखते हैं। अधिकतर बिना मास्क का आते हैं। बार-बार कहने पर भी नहीं मानते। सिस्टर संगीता चौधरी ने बताया कि मास्क पहनाए रखने के लिए बार-बार टोकना पड़ता है।