अलीगढ़ जिले के सभी 3039 आंगनबाड़ी केंद्रों के गेट पर अब बच्चों के बस्तों की जांच होगी। इन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाने की कवायद की जा रही है। यह फैसला जिला बाल विकास पुष्टाहार विभाग ने अतरौली के गांव नरौना आकापुर के कंपोजिट स्कूल प्रांगण में संचालित स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र में आठ बच्चों के जहरीला पदार्थ खाने के बाद लिया गया है।
1 अगस्त को एक बच्ची चूरन समझकर एक पाउच आंगनबाड़ी केंद्र ले आई थी, जिसे उसने खुद भी खाया और साथ के सात अन्य बच्चों को भी खिला दिया। अचानक कमरे में दुर्गंध फैल गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चंद्रवती, महेंद्र कौर, योगेश ने बच्चों से पूछा कि किसी ने कुछ खाया है? तभी एक बच्ची ने पाउच फेंका।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पाउच को देखा तो वह गेहूं को घुन से बचाने के लिए उसमें रखने वाली दवा थी। बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी अतरौली फिर जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। बीमार बच्चों का जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। इस घटना के बाद जिला बाल विकास पुष्टाहार विभाग सतर्क हो गया है।
स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र में घटित घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। रोजाना आंगनबाड़ी केंद्रों के गेट पर बच्चों के बस्तों की जांच होगी। चेकिंग के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया जाएगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाने के इंतजाम किए जाएंगे। - कृष्णकांत राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अलीगढ़