अलीगढ़ के मिश्रित आबादी वाले कस्बा जवां में करन उर्फ काली (20) की हत्या व बवाल के बाद अब हालात पूरी तरह सामान्य हैं। पुलिस ने मुकदमे में बहुत जल्द चार्जशीट अदालत में पेश करने व जल्द ट्रायल शुरू कराने की कवायद तेज कर दी है। इसके साथ ही आरोपियों पर गैंगस्टर-रासुका तक की कार्रवाई की योजना बन रही है।
जवां के मोहल्ला अहेरिया चौक में 11 अक्तूबर रात आरोपियों के घर के बाहर खड़े करन की हत्या कर दी थी। उसे आरोपियों द्वारा खंडहर मकान में खींचकर ले जाया गया। जहां चाकू से गला रेतकर व शरीर गोदकर हत्या की गई। इस हत्या में इदरीश व उसके भाई नफीस खां के अलावा नफीस खां के तीन बेटे मुख्य आरोपी असद, अनश व अल्तमश, इदरीश का बेटा अयान व परिवार के 15 व 16 वर्षीय दो किशोर नामजद किए थे। हालांकि घटना के बाद मुख्य आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया था। जिसने परिवार की युवती का फोटो शेयर करने के विवाद में हत्या करना स्वीकारा था। बाकी को पुलिस ने घर से पकड़ा था। इस हत्या के बाद रात में व अगले दिन जमकर बवाल हुआ था।
मामले में कई दिन तक व त्योहार के बाद तक पुलिस कस्बे में सतर्क रही। पुलिस मुकदमे में चार्जशीट दाखिल करने की कवायद में जुटी है। जिसके लिए फॉरेंसिक टीमों द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, लोगों के उग्र होने आदि साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। ताकि चार्जशीट मजबूत हो सके। प्रयास है कि इस माह के अंत तक चार्जशीट दायर की जा सके।
जवां प्रकरण में चार्जशीट पर काम चल रहा है। बहुत जल्द मजबूत चार्जशीट अदालत में पेश की जाएगी। बाकी कार्रवाई को लेकर भी क्रमवार कदम उठाए जाएंगे। अब वहां स्थितियां सामान्य हैं।-सर्वम सिंह, सीओ तृतीय