घरेलू-वाणिज्यिक एलपीजी पर बढ़े दाम
घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 7 मार्च से वृद्धि हो गई है। देश भर में 14.2 किलोग्राम के घरेलू खाना पकाने वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और 19 किलोग्राम के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की वृद्धि की गई है।
सहालग में वाणिज्यिक सिलिंडर पर भी सख्ती
युद्ध के चलते संकट का असर शादी-ब्याह के आयोजनों तक पहुंच गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब बॉटलिंग प्लांट में मौजूद स्टॉक के आधार पर ही बिलिंग की जाएगी और एडवांस बुकिंग पर रोक लगा दी है। शनिवार से शादियों का सीजन (सहालग) शुरू हो रहा है। जिले के करीब 8 हजार से अधिक कॉमर्शियल उपभोक्ताओं, विशेषकर टेंट और कैटरिंग व्यवसायियों के सामने असहज स्थिति है। उत्तर प्रदेश टेंट कैटर्स, डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप गंगा ने कहा 7 से 15 मार्च के बीच शादियों का सीजन है, जिसमें कॉमर्शियल सिलिंडरों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। कैटर्स पूरी तरह इन्हीं सिलिंडरों पर निर्भर हैं। बुकिंग पर पाबंदी लगने से ऐन वक्त पर आपूर्ति बाधित हो सकती है, जिससे आयोजनों में समस्या आ सकती है।
अलीगढ़ में एलपीजी वितरण का गणित
जिले में गैस आपूर्ति की जिम्मेदारी मुख्य रूप से 100 से अधिक डीलर्स पर है।
विवरण - आंकड़े
- कुल गैस कनेक्शन - 8.50 लाख (3.5 लाख उज्ज्वला सहित)
- कुल गैस डीलर - 100
- इंडेन डीलर (ग्रामीण)- 63
- मुख्य प्लांट - करसुआ (खैर) स्थित इंडेन बॉटलिंग प्लांट
(खैर के पास स्थित करसुआ बॉटलिंग प्लांट न केवल अलीगढ़, बल्कि आसपास के कई जिलों की रसोई का ईंधन संभालता है)