डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय छात्र सहायता प्रकोष्ठ द्वारा मंगलवार को छात्र-छात्राओं से संवाद विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। अध्यक्षता करते हुए प्रोफेसर अशोक मित्तल ने विद्यार्थियों से वर्तमान हालातों पर चर्चा की। उन्होंने कोविड 19 के कारण लॉकडाउन के दौरान व उसके बाद शैक्षणिक स्थितियों, ऑनलाइन पढ़ाई, परीक्षा के आयोजन, मूल्यांकन, परीक्षा परिणाम, राष्ट्रीय सेवा योजना की सामाजिक गतिविधियों व छात्र छात्राओं के प्रश्न सत्र में उनकी समस्याओं व उनके समाधान पर व्यापक चर्चा की।
कुलपति प्रोफेसर अशोक मित्तल ने कहा कि कोरोना संकट में आ रही चुनौतियों को अवसर में बदलने का समय है। परीक्षाओं को लेकर उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि जो छात्र परीक्षा देंगे। उनको पूरा मौका दिया जाएगा। परीक्षा शासन के निर्देशों पर जुलाई माह में प्रस्तावित है, लेकिन परीक्षाओं का अंतिम फैसला छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए सामान्य हालात होने, आवागमन साधनों के पर्याप्त सुविधाओं के होने पर ही किया जा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब भी विश्वविद्यालय व महाविद्यालय खोले जाएंगे। सभी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, स्टाफ के लिए मास्क लगाना अनिवार्य होगा। कक्षाओं में पर्याप्त शारीरिक दूरी बनाए रखने, साबुन से हाथ धोने व सैनिटाइजेशन के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
छात्र पाठ्यक्रम के अनुसार पाठ्य पुस्तकों से अध्ययन करें। सफलता अवश्य मिलेगी। शार्टकट साधनों का प्रयोग नहीं करें। उन्होंने विश्वविद्यालय के 8 जनपदों के राष्ट्रीय सेवा योजना के 101 से अधिक कार्यक्रम अधिकारियों व ग्यारह हजार से अधिक स्वयंसेवकों द्वारा लॉकडाउन अवधि में किये जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।
डॉ. रामवीर सिंह चौहान और वेबिनार संयोजक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने छात्र छात्राओं से संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला व विद्यार्थियों की समस्याओं से भी अवगत कराया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों के परीक्षा संबंधी समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि शासन के निर्देशों के क्रम में विश्वविद्यालय का परीक्षा विभाग पूरी तरह से हर तैयारी में जुटा हुआ है। छात्रों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। नवागत कुल सचिव/रजिस्ट्रार अंजनी कुमार मिश्रा ने छात्रों को हर संभव सहयोग देने की बात कही। इस दौरान वित्त अधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे। तकनीकी संचालन आईटी विभागाध्यक्ष डॉ. वीके सारस्वत ने किया। वेबिनार में डीएसडब्ल्यू डॉ. ब्रजेश रावत, डॉ ललित उपाध्याय, छात्र रामनारायण मिश्रा, सलमान खान, सुरभि, अर्पित माथुर, एनएसएस से बबिता कुमारी, विशाल, दिनेश, प्रेक्षा सिंह, ओसिस श्रीवास्तव, विकास यादव, विनीता कुमारी, सहित एडेड व स्ववितपोषित महाविद्यालयों के करीब दो हजार छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया।