पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब 11.30 बजे मदारगेट स्थित गोपाल चावला की दुकान के सामने खड़े गोपाल के ही स्कूटर में टेम्पो वाले ने टक्कर मार दी। जब गोपाल ने इसका विरोध किया तो टेम्पो वाला उस समय तो वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद सराय सुल्तानी से अपने साथ दो दर्जन युवकों को चाकू और डंडो से लैस होकर लाया। हमलावरों ने गोपाल की दुकान पर हमला बोल दिया।
आरोप है कि इस दौरान बीच बचाव करने आये अन्य दुकानदारेां के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों की चाकूबाजी व मारपीट में गोपाल, नितिन व बंटी घायल हो गये। क्योंकि दुकानदार व हमलावर अलग-अलग समुदाय के थे, इसलिए क्षेत्र में अफरा तफरी मच गयी। थोड़ी ही देर में बाजार बंद हो गया।
संवेदनशील क्षेत्र में घटना की सूचना पाकर मेयर शकुंतला भारती, भाजपा नेता संजीव राजा, राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ, मयंक माहेश्वरी, राम अवतार शर्मा, बाद में महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत आदि नेता पहुंच गए। साथ ही कोतावली इंस्पेक्टर, सीओ व सिटी मजिस्ट्रेट भी पहुंच गये। उन्होंने भाजपाइयों को किसी तरह समझा कर शांत किया। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद ही मामला शांत हुआ। इस प्रकरण में पीड़ित गोपाल के द्वरा एक नामजद सहित कुल 20 लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी गई है।