श्री मुरारीलाल माहेश्वरी स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता में ‘एक देश एक चुनाव’ विषय के विपक्ष में ज्ञान महाविद्यालय के चैतन्य हरि के तर्क जिले के सभी प्रतिभागियों पर भारी पड़े। उन्हें इसके लिए पहला पुरस्कार भी मिला। वहीं मंगलायतन विश्वविद्यालय व कई महाविद्यालयों की छात्र-छात्राओं ने पक्ष व विपक्ष में अपनी बेबाक राय रखी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन से किया, जबकि विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी अभिषेक ने विजेताओं को नकद पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर प्रतियोगिता का समापन किया।
रामघाट रोड स्थित आईआईएमटी (पंचशील कॉलोनी) में ‘देश हित में एक देश-एक चुनाव’ विषय के विपक्ष में बोलते हुए चैतन्य ने कहा कि एक साथ चुनाव का सौदा फायदे का कम नुकसान का ज्यादा है। निर्धारित समय पर चुनाव होने से नेता निश्चिंत हो जाएंगे। भ्रष्टाचार भी पनपेगा। आईआईएमटी के हिमांशु रावत ने विषय के विपक्ष में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव नहीं होने चाहिए। वैसे ही मतदान का प्रतिशत कम रहता है। ऐसे में बीच-बीच में चुनाव होने से मतदाताओं में जागरूकता की अलख जगाई जाती है और मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर सबका जोर होता है। ज्ञान महाविद्यालय की नाजिया ने कहा कि पहले एक साथ चुनाव होते थे, तो अब क्यों नहीं। टीकाराम कन्या महाविद्यालय की प्रतीक्षा ने कहा कि एक चुनाव से फायदा होगा।
इसी महाविद्यालय की चीनू ने कहा कि एक साथ चुनाव से देश को काफी पैसे की बचत होगी। इनके अलावा अन्य छात्र-छात्राओं ने विचार रखे। निर्णायक मंडल में साहित्यकार डॉ. प्रेमकुमार, गजलकार सुरेश कुमार, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट आफीसर शाद हमीद रहे। निर्णायकों ने वक्ताओं के विश्वास, शरीर का हाव-भाव, विषय की जानकारी व संप्रेषण कला का मूल्यांकन किया। साहित्यकार डॉ. प्रेमकुमार व शाद हमीद ने प्रतिभागियों से कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि उन्होंने प्रतिभाग किया। हां, कुछ कमी है, जिसे दूर कर लें, उनके व्यक्तित्व में और निखार आ जाएगा। विषय को समझना बहुत जरूरी है।
प्रथम विजेता को पांच हजार, दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को तीन हजार, तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को दो हजार, दो सांत्वना पुरस्कार में एक-एक हजार रुपये दिए गए। इस अवसर पर आईआईएमटी के सचिव पंकज महलवार, प्रिंसिपल शंभू केएन सिंह रावत, टीकाराम कन्या महाविद्यालय की शिक्षिका डॉ. नीता वार्ष्णेय, चमन शर्मा आदि मौजूद रहे।
जनमत संग्रह की दरकार : मंडलायुक्त
मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने कहा कि ‘देश हित में एक देश-एक चुनाव’ पर गंभीर चिंतन-मनन की जरूरत है। जिस तरह स्काटलैंड में इंग्लैंड से आजादी के लिए जनमत संग्रह कराया गया था। उसी तरह से देश में भी ‘एक देश एक चुनाव’ के लिए जनमत संग्रह कराया जा सकता है। हालांकि, संविधान में जनमत संग्रह की कोई जगह नहीं है। दरअसल, चुनाव व लोकतांत्रिक व्यवस्था एक टूल है, जिनका काम संविधान में दर्ज कल्याण, समानता सहित अन्य व्यवस्था को बढ़ाते रहना है। देश हित में पैसे की बचत होनी चाहिए। एक वक्त आएगा जब एक साथ चुनाव होंगे। उन्होंने अमर उजाला की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर वाद-विवाद प्रतियोगिता कराना आज की प्रासंगिकता है।
ऐसे आयोजन व्यक्तित्व में करते हैं इजाफा : एसपी सिटी
एसपी सिटी अभिषेक ने कहा कि ऐसे आयोजन से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में गुणात्मक विकास होता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल चीजों को लोग पलभर में सच मान लेते हैं, उस पर न तो चिंतन-मनन करते हैं और न ही उसकी सच्चाई की तह तक जाने की कोशिश करते हैं। मगर वाद-विवाद प्रतियोगिता में हिस्सा लेेने के लिए चिंतन, मनन, पढ़ना और समझना पड़ता है। इसलिए अफवाह को सच न मानें।
इन्हें मिला पुरस्कार
-चैतन्य हरि, ज्ञान महाविद्यालय प्रथम पुरस्कार
-हिमांशु रावत आईआईएमटी द्वितीय पुरस्कार
-अनुभव लालरामश्री महाविद्यालय तृतीय पुरस्कार
-रेखा टीकाराम कन्या महाविद्यालय सांत्वना पुरस्कार
-विशाल गौड़ आईआईएमटी सांत्वना पुरस्कार
इनके विचार भी रहे सराहनीय
नाजिया खान ज्ञान महाविद्यालय, तनु, प्रतीक्षा सिंह, चीनू, रेखा, नीतू, ममता टीकाराम कन्या महाविद्यालय, अरुण कुमार, शुभंकर कुमार, प्रवीण कुमार लालरामश्री महाविद्यालय, मोहित कुमार, कृष्णकांत डीएस कॉलेज, प्रीति रायपुर, अभिलाषा, अभिषेक मान्यवर कांशीराम महाविद्यालय गभाना, मोनिका शर्मा, आशीष वार्ष्णेय अवंति बाई महाविद्यालय अतरौली, आयुषी रायजादा, प्रिया सिंह, दिव्यम श्रीवास्तव मंगलायतन यूनिवर्सिटी, सुमन शर्मा, पल्लवी शर्मा, कनिका शर्मा आईआईएमटी।
विचार व्यक्त करते मंडलायुक्त अजयदीप सिंह व मंचासीन पंकज महलवार।- फोटो : CITY OFFICE
वाद विवाद प्रतियोगिता में अपने विचार व्यक्त करती प्रतिभागी छात्रा।- फोटो : CITY OFFICE
निर्णायक मंडल की भूमिका में मंचासीन डा. प्रेम कुमार, सुरेश कुमार व शाद हमीद।- फोटो : CITY OFFICE
पुरस्कार के साथ प्रतिभागी।- फोटो : CITY OFFICE
राष्ट्रीय वाद विवाद प्रतियोगिता में भाग लेते छात्र- छात्राएं।- फोटो : CITY OFFICE