खैर रोड़ रेडियंट स्टार इगलिस स्कूल में सीबीएसई में पास होने पर खुशी मनाते बच्चे।
- फोटो : रुपेश
जिले में इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में जहां लड़कों का दबदबा रहा, वहीं इसके विपरीत सीबीएसई के 12 वीं के रिजल्ट में जिले में लड़कियों ने बाजी मारी है। जिले में पहली टॉप तीन लड़कियां ही रही हैं। इधर, परीक्षा परिणाम घोषित होने तक जहां विद्यार्थी और अभिभावक बेचैन रहे, वहीं परिणाम आने के बाद ज्यादातर विद्यार्थी और उनके अभिभावक खुशी से फूले नहीं समाए। किसी ने पूजा-अर्चना की तो किसी ने दोस्तोें के साथ पार्टी की।
जिले में यूपी बोर्ड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में लड़कों ने शीर्ष क्रम पर कब्जा कायम किया था, लेकिन सीबीएसई के 12 वीं के रिजल्ट में लड़कियां अव्वल रही हैं। पहले तीन स्थान पर लड़कियां ही हैं। बात यदि पिछले साल की करें तो पिछले साल भी इस परीक्षा के रिजल्ट में लड़कियोें ने ही अपना जलवा दिखाया था। यही स्थिति इस साल भी रही है। वहीं, दूसरी ओर परीक्षा के परिणाम जानने के लिए सुबह से ही छात्र-छात्राएं और उनके परिजन बेचैन थे।
इस जिले में करीब चार हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। दोपहर 12 बजे के बाद छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावक रिजल्ट जानने में जुट गए। रिजल्ट जानने के बाद ज्यादातर परीक्षार्थी पास हो गए तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपने-अपने अंदाज में इन लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की। किसी ने दोस्तों के साथ मौज बहार की तो कोई पूजा स्थल गया। स्कूलों में भी धमाचौकड़ी का माहौल रहा।