अमेरिका वाशिंगटन की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी के 25 छात्र-छात्राओं को बुधवार की सुबह जट्टारी में लगेे जाम में काफी देर तक फंसे रहना पड़ा। अलीगढ़-पलवल-नोएडा को जोड़ने वाले इस अतिव्यस्त मार्ग पर सुबह 9 बजे लगे जाम में फंसे अमेरिकी छात्रों के वाहन को निकलने में करीब सवा घंटा लग गया। इस दौरान उन्हें काफी परेशानी हुई। दरअसल, अमेरिकी विद्याथियों का यह दल टप्पल के गांव नारायनपुर में मौसमी फल और सब्जियों की खेती को समझने आया था।
वाशिंगटन के नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी के करीब 25 छात्र-छात्राएं अमेरिकन दूतावास के अधिकारियों के साथ पहले टप्पल क्षेत्र के गांव नरायनपुर रोड के किनारे मोहर पाल सिंह की खेत में लगे खीरे, खरबूज, तरबूज, मिर्च, कांसीफल, लौकी, टमाटर की फसलों का जायजा लेने पहुंचे। उन्हाेंने इनके बारे में जरूरी जानकारियां भी जुटाई। इसके बाद छात्रों का जत्था गांव पहुंचा। उन्होंने वहां पशुओं व उनके चारे की जानकारी ली। इस दौरान अमेरिकी छात्राओं ने ग्रामीण महिलाओं से भी घुलने-मिलने की कोशिश की। उनकी रसोई भी देखी। इस दौरान वहां मौजूद शहीद भगत सिंह हाईस्कूल के बच्चाें से भी मुलाकात की। इसके बाद वे पास के ऐडवेंचर विलेज प्वाइंट भी गए। यहां के बागों में लगे आम के पेड़ पर फलों को आश्चर्य चकित होकर देखा।
गांव पहुंचने से पहले विद्यार्थियों को जट्टारी में वाहनों के जाम से सामना करना पड़ा। उनका वाहन जाम में करीब एक घंटे तक फंसा रहा। इस दौरान गाइड के तौर पर अमित, संतोष व निहाल सिंह मौजूद रहे। एक कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अमेरिकी छात्रों एवं कृषि अधिकारियों सहित पांच लोगों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान जाकिर, ऐके यादव, शक्ति सिंह, विकल सिंह, वीरपाल सिंह, मोहनपाल सिंह, धीरजपाल सिंह, नंदलाल चौधरी, रनवीर सिंह प्रधानपति, बनी सिंह, गुलाब सिंह, ज्ञान सिंह, प्रवीन आदि मौजूद रहे।