कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव खुटीपुरी जाटान में शनिवार रात को एक समुदाय के लोग गोवंश का कटान कर रहे थे। ग्रामीणों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से भाग गए। ग्रामीणों के बताए अनुसार पुलिस ने दो नामजद समेत चार के खिलाफ गोवंश कटान की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। गोवंश कटान की घटना को लेकर हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि अलिमान (89) निवासी खुटीपुरी की अलीगढ़ में ससुराल है। रविवार की शाम को उसका साला सलमान निवासी क्वार्सी अलीगढ़ खुटीपूरी जाटान आया था। उसके साथ कई अन्य लोग भी थे। आरोप है कि रात को सलमान ने अपने साथियों संग एक गोवंश को बेहोश कर दिया। वहीं पास के खेतों में आरोपी उसका कटान कर रहे थे। इस बात की भनक ग्रामीणों को रात को करीब 12:00 बजे हुई। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले आरोपी वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने अलिमान निवासी खुटीपुरी और सलमान निवासी क्वार्सी अलीगढ़ सहित दो अन्य के खिलाफ गोवंश कटान की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
एसएन सिंह, एसएचओ मुरसान ने बताया कि, गोवंश के अवशेष का पोस्टमार्टम कराया गया है। मांस का सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। दो नामजद सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कुछ लोगों से इस मामले में पूछताछ की जा रही है। मौके पर जो गोवंश के अवशेष मिले थे उसे दफना दिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।