थोक में केला लेकर रुपये न देने पर साले-बहनोई पर धोखे से 1.22 लाख हड़पने का आरोप लगा है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अलीगढ़ के थाना सासनीगेट में एक युवक ने साले व बहनोई पर धोखाधड़ी से थोक में केला लेकर रुपये न देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
जयप्रकाश गुप्ता निवासी गांधीनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि पुराना हाथरस अड्डा आगरा रोड पर उसका केले का थोक का व्यापार है। कुछ दिन पहले विपिन सोनकर निवासी एलमपुर सरकारी क्वार्टर माल ले जाता था। 25 सितंबर 2024 को विपिन अपने साले आदित्य राय उर्फ विनीत व ससुर के साथ आया और कहने लगा की राजू भाई मेरा काम चालू करवा दो। अब हम जीजा- साले मिलकर काम करेंगे। गारंटी हमारे ससुर की रहेगी, तुम्हारा कोई पैसा नहीं रहेगा।
इस पर वह विपिन और विनीत की बातों में आ गया और उन्हें माल देने लगा। कई बार विपिन उसके यहां से माल ले गया और 1,22,310 रुपया रोक लिया। आरोप है कि पैसे मांगने पर विपिन व आदित्य पिछले कई दिनों से गुमराह कर रहे हैं और तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। किसी दूसरे नंबर से बात करने पर फोन पर अभद्रता कर रहे हैं। आरोप है कि दोनों झूठ बोलकर उसके 1,22,310 रुपये हड़प लिए हैं। प्रभारी निरीक्षक सासनीगेट ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।