टप्पल थाना क्षेत्र में जमीन पर कब्जा करने और अवैध प्लॉटिंग के विरोध में किसानों ने मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि जमीन खाली कराने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में यूकेलिप्टस के पेड़ों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित कंपनी और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला टप्पल के नूरपुर रोड स्थित भूमि का है। राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन (अराजनीतिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रमेश कुमार अत्री ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ों को साजिश के तहत जलाया गया है। करीब 40 से 50 फीट ऊंचे बड़ी संख्या में पेड़ों की अनुमानित कीमत 30 से 35 लाख रुपये बताई गई है।
चौधरी अत्री का आरोप है कि शुभ लाभ ग्रुप श्री राधा कृष्णा वाटिका नामक कंपनी क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग कर रही है और उनकी बची हुई जमीन को कम कीमत में खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसी उद्देश्य से पेड़ों को नुकसान पहुंचाया गया।
टप्पल ब्लॉक परिसर में आयोजित किसान पंचायत में किसानों ने कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। इस दौरान किसानों ने राजस्व विभाग के एक अधिकारी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने पहुंचकर धरना दिया।
स्थिति को देखते हुए नायब तहसीलदार प्रियंका शर्मा और अपराध निरीक्षक अशोक कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया। इसके बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर किसानों से ज्ञापन लिया। ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री, राजस्व राज्य मंत्री, यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ, जिलाधिकारी और एसएसपी को भी भेजी गई हैं।
टप्पल पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान नेत्रपाल ठाकुर, विजयपाल, नर्सीपाल, जाकिर, इस्लाम सैफी, जितेंद्र चौधरी, रनबीर, देवेंद्र चौधरी, प्रदीप चौधरी, मुकेश चौधरी आदि थे।
थाना टप्पल पुलिस ने जांच कर मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार प्रियंका शर्मा ने मौका मुआयना भी किया था। यदि यीडा क्षेत्र में कोई अवैध प्लाटिंग हो रही है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। राजस्व विभाग इस मामले की जांच कर रहा है। -शिशिर कुमार सिंह, एसडीएम खैर