टप्पल थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर में जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट हो गई। एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी जहीर खां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 17 जुलाई की सुबह बड़ी मस्जिद के पास स्थित उसकी जमीन पर शाहिद, रुस्तम, खलील, मुस्तीम, इमरान, अरशद, सलमान, शफीक, जानू, जुबैर और असफाक जबरन चहारदीवारी का निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव के लिए पहुंचे साबुद्दीन, शमशाद और नईमुद्दीन के साथ भी मारपीट की गई। हमले में जहीर खां सहित चार लोग घायल हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
टप्पल थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।