क्वार्सी थाना क्षेत्र के पुष्पांजलि अपार्टमेंट की एक कोरोना संक्रमित महिला को होम आइसोलेशन का उल्लंघन करना भारी पड़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने महिला के खिलाफ क्वार्सी थाने में महामारी अधिनियम का मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में कोरोना की समीक्षा बैठक हुई। इसमें कोरोना कंट्रोल रूम प्रभारी स्मृति गौतम ने बताया कि चार फरवरी को 30 वर्षीय महिला निवासी पुष्पांजलि अपार्टमेंट, क्वार्सी संक्त्रस्मित पाई गई थी। महिला की इच्छा पर उसे होम आइसोलेट किया गया था। निगरानी टीम द्वारा बताया गया कि महिला के घर में बच्चे व अन्य सदस्य हैं। इसके बाद भी वह होम आइसोलेशन का पालन नहीं कर रही है।
फ्लैट से बाहर भी घूम रही है। इस एमओआईसी बेगमबाग डॉ. राणा प्रवीण की ओर से रविवार को उक्त महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इधर, सीडीओ ने बताया कि जनपद में रविवार को कोई भी व्यक्ति कोविड-19 से पॉजिटिव नहीं पाया गया। इस पर डीएम ने जनपद वासियों से अपील की है कि वे लगातार कोविड-19 के नियमों का पालन करते रहें। जनपद में मात्र 3 व्यक्ति होम आइसोलेशन में हैं। उनकी कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है।