डाकिये को पीटने के आरोपी भाजयुमो संयोजक प्रफुल्ल मल्होत्रा और उसके भाई पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर जानलेवा हमले सहित मारपीट, अभद्रता करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी तक दोनों में से किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इसके विरोध में संयुक्त संघर्ष समिति डाक मंडल के कार्यकर्ताओं ने 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी करने का समय पुलिस को दिया है। उन्होंने एलान किया है कि अगर तय समय में गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरा डाक विभाग हड़ताल करने को बाध्य होगा।
वाकया शुक्रवार का है। डाकिया विनय कुमार शर्मा एक डाक पत्र को आवास विकास कालोनी निवासी निमित डोगरा के घर पहुंचाने गया था। निमित डोगरा के घर पर ताला लगा देख डाकिये ने पड़ोस के मकान के गेट पर खड़े भाजपा युवा मोर्चा के संयोजक प्रफुल्ल मल्होत्रा से निमित के संबंध में पूछताछ की।
डाकिये का आरोप है कि प्रफुल्ल ने जबरन निमित के डाक पत्र को छीन लिया। विरोध करने पर प्रफुल्ल सहित उसके भाई ने जानलेवा हमला कर दिया। बन्नादेवी थाना इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार दुबे के अनुसार आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी की कर ली जाएगी।