क्षेत्र के गांव कारेका निवासी एक युवक की आत्महत्या के मामले में परिजनों ने पत्नी व ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि युवक को उसकी पत्नी और ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। इससे आहत होकर उनसे यह कदम उठाया।
गांव निवासी वीरपाल ने बताया कि उनके बेटे अनिल की शादी पांच वर्ष पूर्व अलीगढ़ निवासी टिंकल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी व ससुराल वाले अनिल को प्रताड़ित करने लगे। 16 अप्रैल को टिंकल व उसके घर वाले अनिल को हाल निवास दिल्ली ले गए। 21 अप्रैल को फोन आया कि उनके बेटे की तबीयत खराब हो गई है। जब वह उसे देखने गए तो अस्पताल में अनिल की मौत हो गई।
रिपोर्ट में जहर खाने से मौत की पुष्टि हुई। आरोप है कि बेटे के शव को छोड़ पत्नी व उसके ससुरालीजन फरार हो गए। अंतिम संस्कार में भी नहीं आए। वीरपाल ने कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचित किया कि उनके बेटे ने प्रताड़ित होकर खुदकुशी की है। लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पत्नी टिंकल, सास मंजू, विपिन व सौरभ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल प्रवीन कुमार सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।