जलाली क्षेत्र के एक गांव के प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली पांच छात्राओं संग छेड़खानी करने वाले प्रधानाध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। यह कार्रवाई बीएसए के आदेश पर हुआ। हालांकि, आरोपी प्रधानाध्यापक को पुलिस ने थाने से ही छोड़ दिया।
पीड़ित बच्चियों के बाबा का आरोप है कि पिछले कुछ समय से प्रधानाध्यापक नेम सिंह उनकी नातिनों समेत अन्य बच्चियों संग छेड़खानी करता था। जिसकी शिकायत बच्चियों ने स्कूल की एक शिक्षिका से भी की थी। लेकिन प्रधानाध्यापक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जिसके बाद 7 मार्च को उन्होंने ग्राम प्रधान से शिकायत कर उन्हें बुला लिया। महिला शिक्षक की उपस्थिति में आरोपी प्रधानाध्यापक के सामने बच्चियों से पूछा तो उन्होंने सारी बातें बताई। इस मामले में एसओ रवि चंद्रवाल का कहना है कि आरोपी प्रधानाध्यापक की गिरफ्तारी बच्चियों के मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए जाने वाले बयान के आधार पर तय होगी।
पांच बच्चियों को प्रधानाध्यापक ने बनाया शिकार
इस घटना के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राकेश कुमार सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी धनीपुर दीप्ती गुप्ता से जांच आख्या मांगी है। जिसमें प्रथम दृष्टया प्रधानाध्यापक नेम सिंह पर लगे आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के अनुसार अलग-अलग कक्षाओं की लगभग पांच छात्राओं के साथ छेड़खानी किए जाने की पुष्टि हुई है।