थाना हरदुआगंज क्षेत्र के माछुआ पुल से हरदुआगंज जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों पर कार सवार एक युवक ने फायर झोंक दिया। गोली बाइक में सीट के नीचे की ओर छेद करती हुई निकल गई, दोनों दोस्त बाल-बाल बच गए। पीड़ित ने एक युवक की पहचान करते हुए चार लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
बड़ा गांव उखलना निवासी मोहित कुमार पुत्र महेंद्र सिंह के अनुसार सोमवार 14 अप्रैल दोपहर 1.30 बजे वह अपने दोस्त जय पुत्र जयवीर सिंह निवासी नयावास के साथ बाइक से माछुआ नहर पुल से हरदुआगंज जा रहा था।
उसी वक्त एक सफेद रंग की कार आई, इसमें सवार चार लोगों में से एक ने कार को उनकी बाइक के पास लगाकर तमंचे से फायर दिया। जिसमें वह बाल-बाल बच गए, गोली बाइक के पिछले हिस्से में सीट के नीचे छेद करती हुई निकल गई। मोहित के अनुसार कार में बैठे एक व्यक्ति को वह पहचानता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।