टैटीगांव रोड पर बृहस्पतिवार की सुबह वृंदावन जा रही एक कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दूसरा युवक घायल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। घायल को सीएचसी से मलखान सिंह अस्पताल रेफर किया गया।
रामपुर जनपद के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी रंजीत यादव (35) पुत्र विजयपाल पुरानी कार खरीदने व बेचने का कार्य करते थे। बुधवार देर शाम वह अपने घर से दोस्त राहुल यादव पुत्र चंद्रपाल के साथ कार से वृंदावन बांके बिहारी के दर्शन करने जा रहे थे। बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे टेंटींगांव रोड पर नगला बिरखू पर स्थित नहर के निकट सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। किसी तरह से दोनों को नहर से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां रंजीत यादव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।